सड़क किनारे खड़ा ट्रक बना मौत का जाल: बाइक सवार 3 युवकों की दर्दनाक मौत, गुस्साई भीड़ ने ट्रक फूंका

Follow Us

सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सड़क पर लावारिस हालत में खड़े एक ट्रक से बाइक टकराने के कारण तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक ने पहले एक कार को टक्कर मारी थी। इसके बाद वह वाहन को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गया। कुछ देर बाद एक ही बाइक पर सवार चार युवक वहां से गुजर रहे थे। अंधेरे और ट्रक के सड़क पर खड़े होने के कारण बाइक सीधे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की खबर मिलते ही आसपास के गांवों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और लापरवाही के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक में आग लगा दी, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारण क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।