कोलकाता। पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेता जहांगीर खान को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की कथित साजिश रचने के आरोप में उनकी पत्नी जरीना बीबी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे दक्षिण 24 परगना जिले से हिरासत में लिया है। वह फाल्टा थाना हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रही थी।
पुलिस के अनुसार, 16 जून को गिरफ्तार किए गए टीएमसी नेता जहांगीर खान को लॉकअप से छुड़ाने के लिए जरीना बीबी ने अपने समर्थकों के साथ योजना बनाई थी। आरोप है कि, इसके तहत बड़ी संख्या में लोगों को इकट्ठा कर फाल्टा पुलिस थाने पर हमला किया गया और पथराव किया गया। हालांकि पुलिस को पहले ही खुफिया सूचना मिल गई थी, जिसके चलते थाने की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
हमले के दौरान पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालते हुए उपद्रवियों को खदेड़ दिया और स्थिति को नियंत्रण में रखा। इस मामले में पुलिस पहले ही 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में जरीना बीबी को पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार माना जा रहा है। उसके खिलाफ हथियार अधिनियम, विस्फोटक अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि, गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
