नई दिल्ली। सोशल मीडिया दिग्गज मेटा भारतीय फिनटेक सेक्टर में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा फिनटेक स्टार्टअप क्रेड में निवेश करने को लेकर बातचीत कर रही है। इस संभावित डील में क्रेड की वैल्यू करीब 4 अरब डॉलर आंकी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, मेटा कंपनी में बड़ा निवेश कर सकती है, हालांकि अभी तक दोनों कंपनियों की ओर से इस सौदे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। निवेश के अलावा मेटा क्रेड के अधिग्रहण या कंपनी के संस्थापक कुणाल शाह को किसी अहम भूमिका में शामिल करने जैसे विकल्पों पर भी विचार कर रही है।
मेटा की क्रेड में दिलचस्पी भारत के तेजी से बढ़ते डिजिटल पेमेंट बाजार से जुड़ी मानी जा रही है। कंपनी पहले से व्हाट्सऐप पे के जरिए भारतीय भुगतान क्षेत्र में मौजूद है, लेकिन अब तक बड़ी हिस्सेदारी हासिल नहीं कर पाई है। साल 2018 में शुरू हुई क्रेड प्रीमियम क्रेडिट प्रोफाइल वाले ग्राहकों पर फोकस करती है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में मजबूत कारोबार दर्ज किया है और इसके यूजर बेस में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है। अगर यह निवेश सौदा पूरा होता है तो यह भारत के फिनटेक सेक्टर में मेटा की सबसे बड़ी रणनीतिक चालों में से एक हो सकता है।
