बस्तर की बेटियां बन रहीं आत्मनिर्भर: 20 महिलाओं को मिली सिलाई मशीन, रोजगार की नई राह हुई शुरू

Follow Us

जगदलपुर। बस्तर में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ग्राम नेतानार स्थित शहीद वीर गुंडाधुर सेवा डेरा में सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 20 महिलाओं को सिलाई मशीन और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर किरण देव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि, सेवा डेरा में सिलाई प्रशिक्षण, इमली प्रसंस्करण इकाई और बस्तर डेकी राइस इकाई के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त महिलाएं अब अपने गांवों में सिलाई कार्य शुरू कर आय अर्जित करेंगी और आत्मनिर्भर बनेंगी। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सोच है कि, गांवों की बेटियां और महिलाएं स्वावलंबी बनें तथा अपने परिवार और समाज की आर्थिक मजबूती में योगदान दें। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान किरण देव ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर महिलाओं से बातचीत की और उनके कार्यों की जानकारी ली। सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिला दशमती नाग ने कहा कि, यह प्रशिक्षण उनके लिए नया अवसर लेकर आया है। अब वे घर से ही सिलाई कार्य कर परिवार की आय बढ़ाने में सहयोग करेंगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और स्थानीय अधिकारियों की उपस्थिति रही। साथ ही नई 20 महिलाओं के लिए अगले प्रशिक्षण बैच की भी शुरुआत की गई, जिससे क्षेत्र में महिला स्वरोजगार को और बढ़ावा मिलेगा।