पावागढ़ में कुदरत का कहर! भारी बारिश के बीच गिरी चट्टान, 4 तीर्थयात्री दबे; दो की मौत

Follow Us

पंचमहाल। गुजरात के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पावागढ़ में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। भारी बारिश के बीच पहाड़ी से अचानक चट्टान गिरने से चार तीर्थयात्री मलबे में दब गए। इस दर्दनाक घटना में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि अन्य लोगों को बचाव दल ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, हादसा पावागढ़ पहाड़ी के पाटियापुल इलाके के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी की मिट्टी कमजोर हो गई थी, जिसके चलते बड़ा पत्थर अचानक नीचे आ गिरा। उस समय वहां मौजूद तीर्थयात्री इसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालोल फायर टीम और बचाव कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दो श्रद्धालुओं के शव बरामद किए गए, जबकि एक घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज बारिश के कारण कई लोग रास्ते में बनी एक झोपड़ी के पास रुके हुए थे। तभी अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे और यह हादसा हो गया। प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और बारिश के दौरान पहाड़ी इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है। हादसे के बाद तीर्थयात्रियों में डर और चिंता का माहौल है।