कोलकाता। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से जुड़े कथित करोड़ों रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पश्चिम बंगाल में बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने कोलकाता में एक साथ 8 स्थानों पर छापेमारी कर कई अहम दस्तावेज और संदिग्ध रिकॉर्ड जब्त किए हैं। सीबीआई की यह कार्रवाई तीन अलग-अलग बैंक फ्रॉड मामलों को लेकर की गई है, जिनमें मेसर्स तांतिया कंस्ट्रक्शन, मेसर्स ब्रह्म अलॉयज और मेसर्स अमृत फीड्स लिमिटेड शामिल हैं। जांच एजेंसी ने संबंधित कंपनियों के निदेशकों और अधिकारियों के आवासीय परिसरों की तलाशी ली।
जांच के मुताबिक, इन मामलों में पंजाब नेशनल बैंक को करीब 191 करोड़ रुपये के नुकसान का आरोप है। आरोप है कि कंपनियों ने बैंक से मिली कैश क्रेडिट और टर्म लोन सुविधाओं का गलत इस्तेमाल किया। इसके अलावा बैंक की अनुमति के बिना कुछ संपत्तियों की बिक्री और फंड को दूसरी कंपनियों में ट्रांसफर करने की बात भी सामने आई है।
सीबीआई के अनुसार, कुछ मामलों में बैंक से प्राप्त राशि को सहयोगी और संबंधित कंपनियों में निवेश किया गया, जबकि लोन की शर्तों का पालन नहीं किया गया। तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों की जांच की जा रही है, जिससे पूरे वित्तीय लेनदेन की जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल सीबीआई ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। एजेंसी का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
