सोना-चांदी के दाम में गिरावट के संकेत: 2026 के अंत तक सस्ता हो सकता है गोल्ड, जानें आज का भाव

Follow Us

नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में 18 जून 2026 को भी हलचल देखने को मिली। वैश्विक बाजार में जारी बदलाव और आर्थिक परिस्थितियों के बीच विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में दोनों कीमती धातुओं के दाम में नरमी आ सकती है। इटली के बैंक इंटेसा सैनपाओलो की अर्थशास्त्री डेनिएला कोर्सिनी के अनुमान के अनुसार, वर्ष 2026 के अंत तक सोने की कीमत करीब 4,000 डॉलर प्रति औंस और चांदी लगभग 60 डॉलर प्रति औंस तक आ सकती है।

हालांकि, बाजार में भू-राजनीतिक घटनाओं और आर्थिक नीतियों का असर बना रहेगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में 18 जून को सोने का भाव करीब 4,339.10 डॉलर प्रति औंस और चांदी का भाव 69.460 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया। वहीं घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स पर सोना करीब 1,52,174 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,46,110 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती नजर आई।

देश के प्रमुख शहरों में भी सोने-चांदी के भाव में मामूली अंतर देखने को मिला। चेन्नई में सोने की कीमतें सबसे ऊंचे स्तर पर रहीं, जबकि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बैंगलोर में भाव लगभग स्थिर रहे। बाजार विशेषज्ञों ने निवेशकों को सलाह दी है कि, सोने और चांदी में निवेश करते समय वैश्विक बाजार की स्थिति, महंगाई और आर्थिक नीतियों को ध्यान में रखकर फैसला लें।