नई दिल्ली/वॉशिंगटन। भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दोनों देशों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द एक व्यापक व्यापार समझौते का खाका तैयार किया जाए।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, G7 शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें व्यापार, रक्षा और तकनीक समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस बैठक का उद्देश्य हालिया मतभेदों को कम करना और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाना रहा। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका ‘कॉम्पैक्ट’ पहल की प्रगति की समीक्षा की। इस पहल का लक्ष्य रक्षा सहयोग, तकनीकी विकास और आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देना है। दोनों देशों ने इस सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
बैठक में समुद्री सुरक्षा का मुद्दा भी उठा। प्रधानमंत्री मोदी ने व्यापारिक समुद्री मार्गों की सुरक्षा और भारतीय नाविकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। हाल के महीनों में टैरिफ, वीजा नीति और कुछ राजनीतिक मुद्दों को लेकर दोनों देशों के रिश्तों में तनाव देखने को मिला था। हालांकि अब भारत और अमेरिका एक बार फिर सहयोग बढ़ाने और आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने की कोशिश कर रहे हैं।
