मुंबई। फिल्म कॉकटेल 2 का बहुप्रतीक्षित गाना ‘तुम ही हो बंधु’ नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने वाला है। सालों पहले रिलीज हुआ यह सुपरहिट गीत अब सीक्वल में नए म्यूजिकल टच के साथ वापसी कर रहा है। फिल्म में कुणाल का किरदार निभा रहे शाहिद कपूर ने सोशल मीडिया पर गाने की झलक साझा करते हुए लिखा, “हम कंट्रोल से बाहर हो रहे हैं। कॉकटेल 2, 19 जून को रिलीज हो रही है।” ओरिजिनल गाने को प्रीतम ने कंपोज किया था, जबकि इसके बोल इरशाद कामिल ने लिखे थे। इसे कविता सेठ और नीरज श्रीधर ने आवाज दी थी। नया वर्जन संगीतकार अभिजीत वघानी ने रीक्रिएट किया है।
अभिजीत वघानी ने कहा कि इतने लोकप्रिय गाने को नए रूप में पेश करना उत्साह और जिम्मेदारी दोनों का काम था। उन्होंने गाने की मूल भावना और जश्न वाले अंदाज को बरकरार रखते हुए आधुनिक संगीत तत्वों को शामिल करने की कोशिश की है।गौरतलब है कि कॉकटेल 2, साल 2012 में आई सुपरहिट फिल्म कॉकटेल का स्पिरिचुअल सीक्वल है। पहले भाग में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
