जयपुर में अभिजीत दिपके पर हमला करने वाले 5 युवक रिहा, समर्थकों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत

Follow Us

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके से जुड़े थप्पड़ कांड में नया घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस कार्रवाई के बाद हिरासत में लिए गए पांच युवकों को थाने से रिहा कर दिया गया, जिसके बाद उनके समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। रिहाई के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग नारे लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है।

दरअसल, नीट पेपर लीक मामले को लेकर अभिजीत दिपके जयपुर के शहीद स्मारक पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की और थप्पड़ मारे। इसके बाद दिपके के समर्थकों ने हमलावरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।

पुलिस ने मामले में पांच युवकों को गिरफ्तार किया था, जिनमें रोहित शर्मा, राकेश गुर्जर, अजय शर्मा, कुलदीप सिंह शेखावत और निकेत शामिल थे। इनमें निकेत जोधपुर का रहने वाला बताया गया, जबकि अन्य युवक जयपुर के निवासी हैं। घटना के बाद पुलिस ने पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की। वहीं, हमलावर युवकों ने खुद को राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़ा बताया था और दिपके पर गंभीर आरोप लगाए थे। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा देखने को मिली।