मरवाही में पागल कुत्ते का आतंक, 6 लोग घायल, 3 बच्चे भी शामिल

Follow Us

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के गौरेला क्षेत्र के जोगीसार गांव में एक पागल कुत्ते के अचानक हमले से इलाके में दहशत फैल गई है। इस घटना में राह चलते लोगों पर कुत्ते ने बिना किसी कारण के हमला कर दिया, जिसमें कुल 6 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में 3 बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ता अचानक सड़क पर घूम रहे लोगों पर झपट पड़ा और एक के बाद एक कई लोगों को काट लिया। स्थानीय निवासी रविंद्र मिश्रा ने बताया कि वे अपने मामा के साथ गांव में जा रहे थे, तभी कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके मामा की आंख के पास गंभीर चोट आई है।
ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ता पूरी तरह आक्रामक हो चुका है और सामने आने वाले हर व्यक्ति को निशाना बना रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने सभी का इलाज शुरू किया। जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत रात्रे ने बताया कि कुल 6 मरीज लाए गए हैं, जिनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं। इनमें से 3 गंभीर घायलों को भर्ती कर एंटी-रेबीज वैक्सीन और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं।

घटना के बाद ग्रामीणों में गुस्सा देखा जा रहा है। लोगों ने प्रशासन और पंचायत से मांग की है कि इस पागल कुत्ते को जल्द से जल्द पकड़कर गांव से दूर किया जाए, ताकि आगे किसी और पर हमला न हो। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ते खतरे के कारण बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर संकट खड़ा हो गया है। डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कुत्ते के काटने पर घाव को तुरंत साफ पानी और साबुन से कम से कम 15 मिनट तक धोना चाहिए और बिना देरी किए अस्पताल पहुंचकर रेबीज का टीका लगवाना चाहिए। डॉक्टरों ने यह भी चेतावनी दी है कि लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।