महासमुंद। ओडिशा के केसिंगा से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर ले जाई जा रही नशीली दवाओं की तस्करी का मामला महासमुंद पुलिस ने नाकेबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में नशीली कैप्सूल बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक मोटरसाइकिल के जरिए नशीली दवाओं की खेप रायपुर लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर नाकेबंदी की और संदिग्ध बाइक को रोककर जांच की।

तलाशी के दौरान पुलिस ने 815 नग SPASMO PROXYVON प्लस कैप्सूल बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 9,321 रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 72,321 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान गोविंद शर्मा, राकेश जंघेल और कमलेश कुमार के रूप में हुई है। तीनों आरोपी रायपुर जिले के खमतराई थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ये नशीली दवाएं ओडिशा के केसिंगा से खरीदकर रायपुर में खपाने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने बताया कि नशीली दवाओं की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।
