कोलकाता। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) के प्रेसिडेंट सौरव गांगुली ने कोलकाता पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, उन्होंने आरोप लगाया है कि ‘सौरव गांगुली फैन्स’ नाम का एक फेसबुक पेज उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने इसमें मीडिया प्लेटफॉर्म ‘स्पोर्ट्जविकी’ (Sportzwiki) का भी जिक्र किया है। ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।

सौरव गांगुली ने शिकायत में क्या कहा?
गांगुली ने कहा कि वह पेज लगातार ऐसी पोस्ट शेयर कर रहा था “जिनका मकसद मेरी छवि खराब करना और जनता के बीच मेरे बारे में नकारात्मक धारणा बनाना था”।
गांगुली ने अपनी शिकायत में कहा, “एक पब्लिक फिगर होने के नाते मैं समझता हूं कि राय और आलोचना पब्लिक लाइफ का हिस्सा हैं। हालांकि, मेरी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से गुमराह करने वाली, मानहानि करने वाली और नुकसानदेह बातें फैलाना स्वीकार्य नहीं है और इसके लिए उचित कानूनी कार्रवाई की जरूरत है।”
जरूरी कार्रवाई होनी चाहिए’
उन्होंने आगे कहा, “इसलिए, मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि इस पेज को चलाने वाले व्यक्तियों/समूह के खिलाफ मेरी शिकायत दर्ज करें और लागू कानूनों के अनुसार जरूरी कार्रवाई करें।”
क्या है विवाद?
दरअसल, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब फेसबुक पेज पर एक पोस्ट साझा की गई, जिसमें दावा किया गया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सौरव गांगुली के घर पर छापेमारी की। गांगुली ने इस दावे को पूरी तरह झूठा और निराधार बताया। उनका कहना है कि ऐसी खबरें न केवल उनकी व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि जनता के बीच भ्रम भी पैदा करती हैं।
