BSP स्क्रैप लोहा चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड संजय सिंह गिरफ्तार

Follow Us

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करीब 250 टन स्क्रैप लोहा चोरी के चर्चित मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड संजय सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे हिरासत में लेकर दुर्ग लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी। जानकारी के अनुसार, यह मामला भिलाई-3 थाना क्षेत्र का है, जहां BSP से बड़े पैमाने पर स्क्रैप लोहे की चोरी की शिकायत सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम लगातार जांच कर रही थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, संजय सिंह और उसके बेटे अभय सिंह पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का आरोप है कि संजय सिंह और उसके बेटे ने सुनियोजित तरीके से स्क्रैप लोहा चोरी कर उसे विभिन्न माध्यमों से खपाने की योजना बनाई थी। अब पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटा रही है। इस बीच छावनी CSP प्रशांत पैकरा ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है, जबकि दुर्ग रेंज के DIG-SSP विजय अग्रवाल और क्राइम DSP यदुमणि सिदार ने संजय सिंह की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। फिलहाल फरार आरोपी अभय सिंह की तलाश जारी है। पुलिस उसकी संभावित लोकेशनों पर लगातार दबिश दे रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस चोरी के पीछे एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जिसकी कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।