बिलासपुर। रातों-रात धन दोगुना करने का झांसा देकर 2.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने दुर्ग से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को अयोध्या का पंडित बताकर एक व्यापारी को अपने जाल में फंसाया और रकम लेकर फरार हो गया था। मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम रोगदा निवासी 57 वर्षीय जनकराम साहू किराना व्यवसायी हैं। 12 जून को वे खरीदारी के सिलसिले में बिलासपुर के व्यापार विहार क्षेत्र पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात दो व्यक्तियों से हुई, जिन्होंने स्वयं को अयोध्या का पंडित बताकर उनसे बातचीत शुरू की। आरोपियों ने दावा किया कि वे विशेष अनुष्ठान के जरिए धन को दोगुना कर सकते हैं। उनकी बातों में आकर व्यापारी ने अपने पास मौजूद 2 लाख 50 हजार रुपये से भरा बैग उन्हें सौंप दिया। इसके बाद दोनों आरोपी रकम लेकर फरार हो गए।
घटना की शिकायत मिलने पर तारबाहर थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में पता चला कि आरोपी दुर्ग जिले में छिपे हुए हैं। पुलिस ने पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के केला बाड़ी इलाके में दबिश देकर मुख्य आरोपी हैदर अली अंसारी (60) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले भी चोरी और धोखाधड़ी के कई मामलों में शामिल रहा है। मामले का दूसरा आरोपी वासिम खान अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी धार्मिक आस्था और अंधविश्वास का फायदा उठाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
