छात्र पर ब्लेड से जानलेवा हमला, गर्दन पर आई गंभीर चोट

Follow Us

बिलासपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एलएलबी के एक छात्र पर ब्लेड से हमला का मामला सामने आया है। हमले में छात्र की गर्दन पर गंभीर चोट आई है। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर कानून की पढ़ाई कर रहे साहिल बर्मन सोमवार को कोशलेन्द्र राव लॉ कॉलेज में आयोजित एलएलबी सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह कॉलेज परिसर से बाहर निकले और अपने साथियों के साथ कुछ देर परीक्षा को लेकर चर्चा करते रहे। इसी दौरान ज्वाली पुल के पीछे रहने वाले समीर नामक युवक से उनकी मुलाकात हुई। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

विवाद के दौरान साहिल के साथ मौजूद अन्य छात्र वहां से अपने घर चला गया, जबकि साहिल और समीर वहीं रुक गए। विवाद के दौरान समीर ने साहिल पर ब्लेड से हमला कर दिया। साहिल बर्मन ने अपने एक साथी को फोन कर बताया कि समीर ने विवाद के दौरान अपने पास रखे ब्लेड से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। हमले के बाद घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही उसका साथी सिम्स अस्पताल पहुंचा, जहां साहिल खून से लथपथ हालत में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मिला। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। वहीं पुलिस आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है।