दंतेवाड़ा: वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने दंतेवाड़ा को दी डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक की विकास कार्यों की सौगात
वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप
प्रभारी मंत्री ने जिले के विकास के लिए की कई बड़ी घोषणाएं
रायपुर/दंतेवाड़ा। जिले के नगरीय निकाय क्षेत्र के विकास और जन सुविधाओं को एक नया विस्तार मिला है, जहां छत्तीसगढ़ शासन के वन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप द्वारा कुल 1 करोड़ 49 लाख 11 हजार रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न जनहितकारी अधोसंरचनाओं का भव्य लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं में आधुनिक चौपाटी, गुमटी, आकांक्षी शौचालय और नए आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण शामिल है, जिससे स्थानीय व्यापार, स्वच्छता और महिला-बाल विकास को बड़ा संबल मिलेगा।
उन्होंने दंतेवाड़ा के भविष्य को लेकर कई बड़ी घोषणाएं भी की हैं। समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, दंतेवाड़ा धार्मिक नगरी के रूप में अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है और आने वाले समय में यहाँ श्रद्धालुओं व नागरिकों का दबाव और बढ़ेगा, जिसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने जिला कलेक्टर को दंतेवाड़ा का एक सुव्यवस्थित ‘मास्टर प्लान‘ तैयार करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में नगर और मंदिर परिसर का विकास सुनियोजित ढंग से हो सके।

अपने संबोधन के दौरान मंत्री जी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर संवेदनशीलता दिखाते हुए नगर के सीवरेज प्लांट का पानी सीधे नदी में जाने पर चिंता जताई और अधिकारियों को निर्देशित किया कि, या तो इस प्लांट को किसी दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाए या फिर वाटर ट्रीटमेंट के बाद ही पानी को नदी में छोड़ा जाए, जिसके साथ ही उन्होंने भैरम बाबा मंदिर के पास नदी तट पर हो रहे कटाव को रोकने के लिए जल संसाधन विभाग को तत्काल ‘पिचिंग कार्य‘ का प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
नगरपालिका अध्यक्ष के कार्यों की सराहना करते हुए प्रभारी मंत्री ने जनभावनाओं के अनुरूप मंच से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिसके तहत नगर के विभिन्न चौक-चौराहों और रास्तों का नामकरण क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महापुरुषों के नाम पर किया जाएगा ताकि समाज में एक अच्छा संदेश जा सके। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय जनता की मांग को स्वीकार करते हुए शहर में एक भव्य ‘घड़ी चौक‘ का निर्माण कराने और बच्चों के मनोरंजन व खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए स्विमिंग पूल क्षेत्र में ‘वाटर स्लाइडर‘ की व्यवस्था करने की भी बड़ी घोषणा की।
इस लोकार्पण और मंत्री जी के कड़े व सुधारात्मक निर्देशों से स्पष्ट है कि, प्रशासन दंतेवाड़ा को न केवल बुनियादी रूप से मजबूत कर रहा है, बल्कि इसे एक आधुनिक और स्वच्छ धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, और कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने इस भव्य स्वागत व नागरिक अभिनंदन के लिए नगर पालिका और दंतेवाड़ा की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर विधायक चैतराम अटामी, राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, नगरपालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि संतोष गुप्ता, पार्षदगण सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, डीएफओ रामकृष्ण रांगानाथा वाय और अन्य अधिकारी एवं नागरिक गण उपस्थित रहे।
