नई दिल्ली। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और देश की शिक्षा प्रणाली में आई गिरावट के विरोध में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का देशव्यापी आंदोलन अब बेंगलुरु पहुंच गया है। दिल्ली, पुणे, लखनऊ और अमृतसर के बाद आज यानी रविवार, 14 जून को शाम 4 बजे बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में CJP एक बड़ा विरोध-प्रदर्शन करने जा रही है। इस प्रदर्शन को उस समय और मजबूती मिली जब मशहूर अभिनेता और राजनेता प्रकाश राज ने भी इसमें शामिल होने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का समर्थन करने का ऐलान किया।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके समर्थकों द्वारा पिछले 9 दिनों से चलाया जा रहा यह आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर से हुई थी, जो चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी से प्रेरित था। आंदोलन का मुख्य उद्देश्य बार-बार हो रहे पेपर लीक के खिलाफ शिक्षा क्षेत्र में जवाबदेही तय करना और बड़े सुधार लाना है।
इस बीच, CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बताया कि हालांकि बेंगलुरु प्रदर्शन के लिए अभी स्थानीय प्रशासन से आधिकारिक अनुमति मिलना बाकी है, लेकिन उन्हें जल्द ही मंजूरी मिलने की पूरी उम्मीद है। वहीं, संगठन के एक अन्य प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया पर तमिल भाषा में एक वीडियो जारी कर अपने तमिल दोस्तों से भी इस मुहिम से जुड़ने की अपील की है। हालांकि, प्रदर्शन से ठीक पहले CJP के एक प्रवक्ता की टिप्पणी को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया है, जिसके बाद लोग उनके इरादों पर सवाल उठा रहे हैं। इसके बावजूद, CJP का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, यह देशव्यापी अभियान जारी रहेगा।
