मुंबई। वेदांग रैना और शारवरी स्टारर फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ बॉक्स ऑफिस पर धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही है। रिलीज के दूसरे दिन फिल्म की कमाई में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे मेकर्स को राहत मिली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन 1.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, जबकि दूसरे दिन इसकी कमाई बढ़कर 1.85 करोड़ रुपये पहुंच गई। यानी फिल्म की कमाई में करीब 60.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है।
इसके साथ ही फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन 3 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 3.60 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म में वेदांग रैना और शारवरी के अलावा दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, बनिता संधू, रजत कपूर और कुमुद मिश्रा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। अब मेकर्स की नजर वीकेंड कलेक्शन पर टिकी है, जहां फिल्म के और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
