रेलवे स्टेशन में पकड़ाया जेल से भागा आरोपी

Follow Us

पेंड्रा. जिला जेल पेंड्रारोड से दुष्कर्म के एक बंदी के फरार होने का मामला सामने आया है. आरोपी को पुलिस ने लगभग आठ घंटे के भीतर पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर दोबारा जेल दाखिल कर दिया. जानकारी के अनुसार, 10 जून को पेंड्रा थाना क्षेत्र के बचरवार गांव निवासी कुलदीप राठौर उर्फ पटेल को दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेजा गया था. कल सुबह लगभग 7 बजे, जब जेल में कैदियों को दैनिक दिनचर्या के लिए बैरक से बाहर निकाला गया, उसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल गौरेला पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस और जेल स्टाफ ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू किया. इसके बाद आरोपी को शाम करीब 4 बजे पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन परिसर से पकड़ लिया गया.

मामले में जेल प्रहरी अखिलेश पांडेय की शिकायत पर कैदी क्रमांक 11726 के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 262 के तहत अपराध दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को पुनः जेल भेज दिया है. इस घटना ने जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह इस तरह की तीसरी घटना बताई जा रही है, जिससे जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि मामले में विधिवत कार्रवाई की गई है और आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे पुनः न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.