रायपुर में मेडिकल स्टाफ से मारपीट का मामला, FIR दर्ज

Follow Us

रायपुर। राजधानी के परशुराम चौक क्षेत्र में मेडिकल स्टाफ से मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोवर्धन नगर परशुराम चौक के पीछे रहने वाला एक युवक, जो बी-फार्मा की पढ़ाई कर चुका है, लक्ष्मी मेडिकल, मौदहापारा में ड्यूटी पर कार्यरत था।

11 जून 2026 को वह मेडिकल में ड्यूटी पर था, तभी गंगा नगर निवासी देवनाथ साहू वहां पहुंचा और दवा की मांग करने लगा। पीड़ित ने डॉक्टर की पर्ची लाने के बाद ही दवा देने की बात कही, जिसके बाद वह वहां से चला गया।

इसके बाद ड्यूटी खत्म होने पर पीड़ित अपने घर लौट गया। आरोप है कि इसके बाद देवनाथ साहू ने उसे बार-बार फोन कर परशुराम चौक बुलाया। रात करीब 1:35 बजे जब पीड़ित वहां पहुंचा तो आरोपी ने पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने गाली देने से मना करने पर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का तथा किसी अज्ञात वस्तु से हमला कर दिया।

इस हमले में पीड़ित के पीठ और सीने में चोट आई है। घटना के दौरान युवराज पटेल नामक व्यक्ति ने मारपीट देखी और बीच-बचाव के लिए आगे आया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।