मुंबई। ओटीटी दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुकी वेब सीरीज ‘ग्राम चिकित्सालय’ का सीजन 2 एक बार फिर चर्चा में है। शुक्रवार को मेकर्स ने इसका बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज कर दिया, जिसे देखकर दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है। गांवों की स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत को हल्के-फुल्के हास्य के साथ पेश करने वाली इस सीरीज का नया सीजन पहले से ज्यादा मनोरंजक और दिलचस्प नजर आ रहा है।
भठकंडी’ नाम के काल्पनिक गांव पर आधारित इस कहानी में अमोल पाराशर एक बार फिर डॉक्टर प्रभात के किरदार में दिखाई देंगे। ट्रेलर में डॉक्टर प्रभात गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को बचाने और उसे आदर्श पीएचसी का दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष करते नजर आते हैं। इसके लिए वह गांववालों को अस्पताल तक लाने की नई-नई तरकीबें अपनाते हैं, लेकिन उनकी राह आसान नहीं दिख रही।
ट्रेलर की शुरुआत में क्या दिखा
ट्रेलर की शुरुआत एक ऐसे मरीज से होती है जिसकी समस्या सुनकर डॉक्टर ही नहीं, दर्शक भी हैरान रह जाते हैं। इसी बीच अस्पताल में दवाइयों के हेरफेर का मामला सामने आता है, जिससे हालात और जटिल हो जाते हैं। दूसरी तरफ गांव के स्थानीय हकीम की भूमिका में विनय पाठक अपनी अनोखी चिकित्सा पद्धति से लोगों का इलाज करते दिखते हैं। वह दवा के साथ शराब को पेट की पथरी के इलाज का उपाय बताते हैं और गांव के कई लोग उनके दावे का समर्थन करते नजर आते हैं।
निरहुआ की एंट्री है चर्चा का विषय
हालांकि इस बार सबसे ज्यादा चर्चा भोजपुरी सुपरस्टार निरहुआ (Dinesh Lal Yadav) की एंट्री को लेकर हो रही है। ट्रेलर (Gram Chikitsalay Season 2) में उनका अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। वहीं ‘पंचायत’ के लोकप्रिय किरदार बनराकस और बिनोद जैसे चेहरों की मौजूदगी ने फैंस को सरप्राइज दे दिया है।
एक दृश्य में निरहुआ बनराकस का स्वागत करते हुए कहते हैं, “आइए-आइए, फुलेरा नरेश आइए, सांझपुर में आपका स्वागत है महाराज।” इसके बाद उनकी पत्नी जब नजर उतारने लगती हैं तो वह मजाकिया अंदाज में कहते हैं, “इनको नजर नहीं लगता है, ये खुद ही बनराकस हैं।” यह संवाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ट्रेलर में यह भी दिखाया गया है कि सरकारी अधिकारी आदर्श पीएचसी के निरीक्षण के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन वहां स्थिति डॉक्टर प्रभात की उम्मीदों के बिल्कुल विपरीत हो जाती है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह अस्पताल को बचाने और अपनी छवि सुधारने में कितने सफल हो पाते हैं।
‘ग्राम चिकित्सालय’ के पहले सीजन को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। कई लोगों ने इसकी तुलना लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ से की थी। इस बार कहानी में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियों, लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की कमी, अंधविश्वास और स्थानीय राजनीति जैसे मुद्दों को हास्य के माध्यम से दिखाने की कोशिश की गई है।
इनका है निर्देशन (Gram Chikitsalay Season 2)
ललितम आनंद के निर्देशन में बनी इस सीरीज की कहानी वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखी है। कलाकारों की बात करें तो अमोल पाराशर, आकाश मखीजा, आनंदेश्वर द्विवेदी, विनय पाठक, आकांक्षा रंजन कपूर और गरिमा विक्रांत सिंह अपने पुराने किरदारों में लौट रहे हैं। वहीं निरहुआ इस सीजन के सबसे बड़े सरप्राइज पैकेज माने जा रहे हैं।
‘ग्राम चिकित्सालय’ सीजन 2 का प्रीमियर 23 जून को अमेजन प्राइम वीडियो पर होगा। कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी जहां पहला सीजन खत्म हुआ था। ट्रेलर को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद अब दर्शकों को इसके रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार है।
