छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न

Follow Us

कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा एक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू और डीएसपी प्रतिभा लहरे के मार्गदर्शन में ‘महिला रक्षा टीम’ द्वारा GNM छात्रावास में एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को कानून, उनके अधिकारों और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सचेत करना था।

कार्यक्रम के दौरान महिला रक्षा टीम ने उपस्थित 153 छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों, पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न निषेध अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही टीम ने वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन फ्रॉड और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर विशेष जोर दिया। छात्राओं को समझाया गया कि वे किसी भी अज्ञात लिंक, फर्जी कॉल या ओटीपी (OTP) साझा करने जैसी संदिग्ध गतिविधियों से हमेशा सतर्क रहें। आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता के लिए छात्राओं को ‘अभिव्यक्ति ऐप’ की कार्यप्रणाली समझाई गई, जिसके बाद 73 छात्राओं ने मौके पर ही इस ऐप को डाउनलोड किया।

कांकेर पुलिस ने इस सफल अभियान के साथ ही आम नागरिकों और छात्राओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें। किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में नागरिक पुलिस हेल्पलाइन (9479155125), महिला हेल्पलाइन (9479155925), आपातकालीन सेवा (112) या साइबर हेल्पलाइन (1930) पर तुरंत संपर्क कर सकते हैं। “सुरक्षित महिला, सशक्त समाज” के ध्येय के साथ कांकेर पुलिस का यह सुरक्षा अभियान लगातार जारी है।