कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में महिला सुरक्षा और गंभीर अपराधों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना भानुप्रतापपुर क्षेत्र में घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म करने और पीड़िता को ब्लैकमेल करने वाला रु.10,000 का इनामी आरोपी कैलाश नेताम आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने फरार आरोपी को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम कामखेड़ा से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।
मामले के अनुसार, आरोपी कैलाश नेताम ने जान-पहचान का फायदा उठाकर पीड़िता से दो वर्ष पहले रु.1,50,000 उधार लिए थे। पैसे वापस मांगने पर आरोपी पीड़िता को प्रताड़ित और ब्लैकमेल करने लगा। 19 मार्च 2026 को आरोपी ने पीड़िता के घर में अकेलेपन का फायदा उठाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी पीड़िता ने 21 अप्रैल 2026 को भानुप्रतापपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
घटना के बाद से ही आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा ने आरोपी पर रु.10,000 के इनाम की घोषणा की थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल और एसडीओपी शेरबहादुर सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामप्रसाद सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर और तकनीकी इनपुट के आधार पर टीम ने कोहका क्षेत्र में दबिश देकर 39 वर्षीय आरोपी कैलाश नेताम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
