सीढ़ी पर रास्ता देने को लेकर विवाद, युवती पर बड़ी मां को क्रिकेट बैट से घायल करने का आरोप

Follow Us

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। साझा सीढ़ी के उपयोग को लेकर हुए विवाद में एक युवती पर अपनी बड़ी मां पर क्रिकेट बैट से हमला करने का आरोप लगा है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, अशोक नगर निवासी 18 वर्षीय अदिति शर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि उनके परिवार और उनके छोटे दादा अविनाश शर्मा के परिवार के बीच छत पर जाने के लिए एक साझा सीढ़ी का उपयोग किया जाता है।

मंगलवार सुबह अदिति की दादी शैलेंद्री शर्मा छत से नीचे उतर रही थीं, जबकि उसी समय अक्षिता शर्मा छत की ओर जा रही थी। संकरी सीढ़ी पर दोनों के आमने-सामने आने के बाद रास्ता देने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद के दौरान अक्षिता शर्मा ने क्रिकेट बैट से शैलेंद्री शर्मा पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान हो गईं। परिजनों ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

सरकंडा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर घटना की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।