स्वाद और सेहत दोनों होगी खराब: आयरन तवे का इस्तेमाल करते समय भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां

Follow Us

नई दिल्लीं। भारतीय रसोई में लोहे या आयरन के तवे का इस्तेमाल सदियों से हो रहा है। इसमें बना खाना न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। लेकिन अक्सर लोग लोहे के तवे का इस्तेमाल और सफाई करते समय कुछ ऐसी छोटी-छोटी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे खाने का स्वाद तो बिगड़ता ही है, साथ ही तवे की लाइफ भी कम हो जाती है।

अक्सर लोग तवे को आंच पर रखते ही उस पर सीधे तेल डाल देते हैं, जिससे तेल तुरंत जल जाता है और खाने में कड़वाहट आ जाती है। सही तरीका यह है कि पहले तवे को अच्छी तरह गर्म होने दें, फिर आंच धीमी करके तेल डालें। इसके अलावा, खाना बनाने के तुरंत बाद गर्म तवे पर पानी डालना सबसे बड़ी गलती है; इससे तवे का शेप बिगड़ सकता है और उसमें जंग लगने की संभावना बढ़ जाती है। हमेशा तवे को सामान्य तापमान पर आने के बाद ही साफ करना चाहिए।

लोहे के तवे को कभी भी हार्ड डिटर्जेंट या लिक्विड सोप से नहीं धोना चाहिए, क्योंकि इससे उसकी नेचुरल कोटिंग (सीजनिंग) निकल जाती है। इसे साफ करने के लिए गर्म पानी और हल्के स्क्रबर का ही इस्तेमाल करें। साथ ही, तवे पर खाना बनाते समय हमेशा मध्यम आंच रखें और धातु (मेटल) की चम्मच या कड़छी की जगह लकड़ी या सिलिकॉन के बर्तनों का उपयोग करें ताकि तवे पर खरोंच न आए। इन आसान बातों का ध्यान रखकर आप अपने लोहे के तवे को सालों-साल नया बनाए रख सकते हैं।