रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए भीषण गर्मी और उमस से राहत की बड़ी खबर है। राज्य में मानसून का इंतजार अब जल्द ही खत्म होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में 11 जून से बारिश की गतिविधियों में भारी तेजी आने की संभावना है। मंगलवार देर रात राजधानी रायपुर समेत कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे फिलहाल उमस काफी बढ़ गई है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी। आज रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने के आसार हैं, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवातीय सिस्टम सक्रिय है और पंजाब से बिहार तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) बनी हुई है, जिसके प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आ रहा है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने राजनांदगांव, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में आज तेज हवाओं, मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश का ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव 43.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म और अंबिकापुर 23.4 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। अब अगले कुछ घंटों में मानसून पूर्व की बारिश छत्तीसगढ़ को तरबतर करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
