रायगढ़। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने एनआरवीएस स्टील लिमिटेड प्लांट में हुई स्क्रैप पाइप चोरी की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से प्लांट के भीतर से करीब 300 किलो एस.एस. स्क्रैप पाइप चोरी कर उसे जंगल में छिपा दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने स्क्रैप पाइप को फ्लाई ऐश (डस्ट) में दबाकर ट्रेलर के जरिए प्लांट से बाहर निकाला। बाद में ईको वाहन से उसे तराईमाल जंगल में छिपाकर बेचने की तैयारी की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।आरोपियों की निशानदेही पर 300 किलो एस.एस. स्क्रैप पाइप और चोरी में इस्तेमाल ईको वाहन बरामद किया गया है। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत लगभग 9.08 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं जोड़ते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
