नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के खिलाफ देशव्यापी कार्रवाई करते हुए मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह पूरा मामला मादक पदार्थों की तस्करी से कमाए गए ₹142 करोड़ से अधिक के संदिग्ध धन को फर्जी (शेल) कंपनियों और बैंक खातों के जरिए ठिकाने लगाने से जुड़ा है। ED की यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के बेहद करीब हुई, जिसमें त्रिपुरा का एक ठिकाना बांग्लादेश बॉर्डर से सिर्फ 200 मीटर और मिजोरम का ठिकाना म्यांमार बॉर्डर से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। इस ऑपरेशन के तहत सिंडिकेट से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, यह सिंडिकेट म्यांमार के सप्लायरों से मिजोरम के चाम्फाई-जोखावथार सेक्टर के जरिए ड्रग्स भारत लाता था और फिर इसे त्रिपुरा के रास्ते देश के अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाता था। इस रैकेट का भंडाफोड़ पिछले साल मिजोरम में एक वाहन तलाशी के दौरान हुआ था, जहां 49 किलोग्राम से ज्यादा मेथामफेटामाइन टैबलेट्स और हेरोइन बरामद की गई थी। उस दौरान आठ लोगों की गिरफ्तारी हुई थी, जिनसे पूछताछ के बाद इस ₹142 करोड़ के विशालकाय मनी लॉन्ड्रिंग खेल का खुलासा हुआ। फिलहाल ED इस नेटवर्क के बैंक खातों और विदेश भेजे गए पैसों की गहन जांच कर रही है।
