तिरुवनंतपुरम। केरलम के बिजली मंत्री और केपीसीसी अध्यक्ष सन्नी जोसेफ अपने जीजा बेनी थॉमस को अतिरिक्त निजी सचिव (पर्सनल सेक्रेटरी) नियुक्त करने के मामले में गंभीर विवादों में घिर गए हैं। भाई-भतीजावाद के गंभीर आरोपों और चौतरफा मचे हंगामे के बाद आखिरकार रविवार को बेनी थॉमस ने मुख्यमंत्री वीडी सतीशन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। थॉमस ने अपने इस्तीफे में स्वीकार किया कि इस नियुक्ति से बेवजह विवाद खड़ा हुआ और पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच रहा था, इसलिए वह तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं। कन्नूर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव बेनी थॉमस असल में मंत्री की बहन के पति हैं।
इस मामले को लेकर विपक्षी दल सीपीआई-एम (CPI-M) ने विधानसभा से लेकर सड़क तक कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और मंत्री के इस्तीफे की मांग की। विपक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भाई-भतीजावाद पर दोहरा रवैया अपना रही है। इस नियुक्ति को लेकर खुद कांग्रेस के अंदर भी गहरी नाराजगी देखी गई थी। हालांकि, विवाद के बीच मंत्री सन्नी जोसेफ ने अपने जीजा का बचाव करते हुए सफाई दी कि यह फैसला पारिवारिक रिश्तों के कारण नहीं, बल्कि उनके सार्वजनिक सेवा के रिकॉर्ड और डीसीसी अध्यक्ष की सिफारिश पर लिया गया था। थॉमस विधानसभा चुनाव में उनके मुख्य चुनाव एजेंट भी रहे थे।
