हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में जमीन संबंधी विवाद और अंचल कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और युवक के समर्थन में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कटकमदाग निवासी विकास कुमार का आरोप है कि वह पिछले 14 वर्षों से करीब पांच एकड़ जमीन पर खेती कर रहा है, लेकिन संबंधित भूमि का दाखिल-खारिज किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दिया गया। उनका कहना है कि न्याय की मांग को लेकर कई बार अंचल कार्यालय जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ और उन्हें लगातार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। शुक्रवार को विकास कुमार करीब 80 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक वह नीचे नहीं उतरेंगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा समझाइश और मामले की जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद युवक टावर से नीचे उतरने के लिए राजी हो गया। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। वहीं, युवक के समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और भूमि मामलों में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग उठाई। प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
