महासमुंद। जिले की सांकरा पुलिस ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में इस गिरोह के तार महाराष्ट्र के नागपुर तक जुड़े होने की बात सामने आई है। मामले में नरेश निषाद, मनोहर मांझी और मधुसूदन ठाकरे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भगतदेवरी क्षेत्र में एक दुकान से ऑनलाइन सट्टे का संचालन किया जा रहा है। छापेमारी के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े चैट, ट्रांजेक्शन स्क्रीनशॉट और डिजिटल भुगतान के प्रमाण मिले। पूछताछ में आरोपियों ने आईपीएल मैचों पर दांव लगाने और हार-जीत की रकम का लेन-देन स्थानीय स्तर पर तथा ऑनलाइन माध्यमों से किए जाने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, बरामद डिजिटल साक्ष्य संकेत देते हैं कि यह नेटवर्क काफी बड़ा हो सकता है और इसमें कई स्थानीय एजेंट व खाईवाल शामिल हो सकते हैं। फिलहाल कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
