कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शुरू हुआ इस्तीफों का दौर अब असम तक पहुंच गया है। ममता बनर्जी को एक और बड़ा झटका देते हुए असम टीएमसी के प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत मजूमदार ने अपने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। ममता बनर्जी को ई-मेल के जरिए भेजे गए अपने इस्तीफे में मजूमदार ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि असम में टीएमसी की छवि केवल मुस्लिमों की पार्टी बनकर रह गई है और पश्चिम बंगाल में भी यह दल केवल इसी समुदाय के हितों के लिए काम करता है। मजूमदार ने साफ किया कि ऐसी परिस्थितियों में उनके लिए पार्टी के साथ बने रहना अब मुमकिन नहीं था।
सत्ता परिवर्तन के बाद से टीएमसी के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों के चलते कई बड़े नेताओं पर पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों का शिकंजा कसा है, जिससे पार्टी में भगदड़ जैसी स्थिति है। बारासात से सांसद काकोली घोष भी अपनी ही पार्टी के खिलाफ बगावती तेवर अपनाए हुए हैं। बंगाल में सियासी समीकरण बदलने के बाद से अब तक टीएमसी के 125 से ज्यादा पार्षद इस्तीफा दे चुके हैं, जबकि पार्टी के विभिन्न नेताओं के खिलाफ 180 से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। लगातार लग रहे इन झटकों ने टीएमसी के राष्ट्रीय विस्तार के दावों पर गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
