बलरामपुर। गर्मी से राहत पाने दोस्तों के साथ गागर नदी में नहाने गया एक युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना राजपुर थाना क्षेत्र की है। युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। शनिवार देर शाम तक चले अभियान के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका। जानकारी के अनुसार, नदी में नहाने के दौरान युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने के कारण शनिवार शाम सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया था। रविवार सुबह एक बार फिर गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुट गई है। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं, जबकि परिजन और ग्रामीण भी नदी किनारे डटे हुए हैं। जगदलपुर-सुकमा हाईवे पर ट्रक पर गिरा विशाल पेड़, यातायात बाधित
जगदलपुर। जगदलपुर-सुकमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब दरभा बाजार के पास सड़क से गुजर रहे एक ट्रक पर अचानक विशालकाय पेड़ गिर पड़ा। घटना में चालक सुरक्षित बच गया, हालांकि ट्रक को नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही दरभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का कार्य जारी है। प्रशासन मार्ग को जल्द बहाल करने के प्रयास में जुटा हुआ है, जबकि यात्रियों को फिलहाल परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
