नई दिल्ली। गर्मियों की शुरुआत होते ही लोग चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी से परेशान होने लगते हैं। उमस और पसीने वाली चिपचिपाहट अक्सर लोगों के लिए परेशानी की वजह बन जाती है। ऐसे में गर्मी से बचने के लिए हम अक्सर ठंडी ड्रिंक्स पीते हैं, एसी का सहारा लेते हैं और अपनी डाइट में बदलाव करते हैं। लेकिन क्या इस बात पर ध्यान नहीं देते कि चिलचिलाती गर्मी में आपके कपड़ों का रंग भी आपके शरीर के तापमान को तय करने में एक बहुत बड़ा रोल निभाता है? आइए मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल्स, गुरुग्राम में इंटरनल मेडिसिन डिपार्टमेंट में कंसल्टेंट डॉ. दीक्षा गोयल से जानते हैं गर्मी और कपड़े के रंगों का कनेक्शन-
- सही रंग चुनना जरूरी
डॉक्टर बताती हैं कि फैशन और स्टाइल के चक्कर में हम अक्सर कुछ ऐसे रंगों का इस्तेमाल करते हैं, जो हमारे लिए इस मौसम में किसी सजा से कम नहीं होते। तेज धूप में बाहर निकलते वक्त अगर आपने गलत रंग के कपड़े पहने हैं, तो आपको न सिर्फ भयंकर गर्मी लगेगी, बल्कि यह आपकी सेहत के लिए भी बहुत नुकसानदेह साबित हो सकता है।
- गहरे रंगों से तुरंत कर लें तौबा
डॉक्टर के मुताबिक गर्मी के मौसम में डार्क यानी गहरे रंगों से पूरी तरह दूरी बना लेनी चाहिए। इन रंगों में काला, नेवी ब्लू, मैरून और डार्क ब्राउन जैसे रंग सबसे ऊपर आते हैं। काला रंग भले ही कई लोगों का फेवरेट होता है और यह आपको स्टाइलिश लुक भी देता है, लेकिन गर्मियों में इस शौक को थोड़ा ब्रेक देना ही समझदारी है।
काला रंग लगभग 95 प्रतिशत से भी ज्यादा रोशनी को अपने अंदर सोख लेता है और फिर उसे भयंकर गर्मी में बदल देता है। यही हाल बाकी गहरे रंगों का भी होता है। ये रंग सूरज की किरणों को वापस भेजने यानी रिफ्लेक्ट करने के बजाय अपने अंदर कैद कर लेते हैं, जिससे आपका कपड़ा एक छोटे ओवन की तरह गर्म हो जाता है।
- गहरे रंग पहनने के नुकसान
- हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन: डार्क कपड़े पहनने से शरीर का नेचुरल टेंपरेचर तेजी से बढ़ता है। ऐसे में शरीर खुद को ठंडा करने के लिए बहुत ज्यादा पसीना छोड़ता है, जो डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का सबसे बड़ा कारण बन सकता है।
- स्किन एलर्जी और इन्फेक्शन: गहरे रंग के मोटे कपड़े पसीने को आपकी त्वचा पर लॉक कर देते हैं और हवा को अंदर नहीं जाने देते। इसके कारण त्वचा पर रैशेज और घमौरियां होने लगती हैं। साथ ही, पसीना न सूखने के कारण खतरनाक बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जिससे स्किन में गंभीर इन्फेक्शन और एलर्जी का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
- गर्मी को मात देने के लिए पहनें ये कपड़े
गर्मियों में खुद को कूल, फ्रेश और स्टाइलिश रखने के लिए आपको अपने पहनावे में कुछ स्मार्ट बदलाव करने होंगे-
- सफेद रंग: यह सूरज की तेज किरणों को सबसे ज्यादा रिफ्लेक्ट करता है। इसे पहनने से धूप का सीधा असर शरीर पर कम होता है और आप अंदर से काफी ठंडा महसूस करते हैं।
- पेस्टल शेड्स: गर्मियों में आंखों को सुकून देने वाले सूदिंग रंग ही पहनें। स्काई ब्लू, मिंट ग्रीन, पीच, लाइट येलो और लैवेंडर जैसे पेस्टल शेड्स इस मौसम के लिए एकदम परफेक्ट माने जाते हैं।
- सही फैब्रिक का चुनाव जरूरी: गर्मियों में रंगों के साथ-साथ फैब्रिक पर भी खास ध्यान दें। सिंथेटिक कपड़ों की जगह हमेशा 100% कॉटन या लिनेन के कपड़े ही पहनें। ये नेचुरल फैब्रिक बेहद हल्के होते हैं और हवा को आसानी से आर-पार जाने देते हैं, जिससे आपका पसीना जल्दी सूखता है और त्वचा खुलकर सांस ले पाती है।
