आतंकवाद व साइबर क्राइम पर ‘क्वाड’ का बड़ा प्रहार: नई दिल्ली बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया का साझा संकल्प

Follow Us

नई दिल्ली। भारत की राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित ‘क्वाड’ (Quad) देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में आतंकवाद और अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराधों के खिलाफ एक निर्णायक रणनीति तैयार की गई है। भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने आतंकवाद के हर रूप की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए वैश्विक समुदाय से इसके खिलाफ एकजुट और निरंतर प्रयास करने की अपील की है।

बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में क्वाड देशों ने सीमा पार आतंकवाद पर गंभीर चिंता व्यक्त की। इस दौरान 22 अप्रैल 2025 को भारत के पहलगाम और 14 दिसंबर 2025 को ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर हुए आतंकी हमलों की कड़े शब्दों में भर्त्सना की गई। क्वाड ने साफ किया कि वैश्विक स्तर पर प्रतिबंधित आतंकियों, उनके संगठनों, मददगारों और फंडिंग नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के लिए अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई जरूरी है। इसके साथ ही नए तकनीकी साधनों के जरिए उभर रहे आतंकी खतरों से निपटने के लिए क्षेत्रीय साझेदारों की क्षमता को मजबूत किया जाएगा।

इस बैठक में दक्षिण-पूर्व एशिया में तेजी से पैर पसार रहे ऑनलाइन स्कैम सेंटरों (Cyber Scam Hubs) और अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट पर भी गहरा मंथन हुआ। क्वाड ने चेतावनी दी कि ये नेटवर्क अब किसी एक देश तक सीमित नहीं हैं। इन केंद्रों के जरिए मानव तस्करी, ड्रग्स स्मगलिंग, सेक्शुअल एक्सटॉर्शन (यौन शोषण), अवैध फाइनेंसिंग और घातक साइबर अपराधों को अंजाम दिया जा रहा है। इन संगठित अपराधों को रोकने के लिए चारों देश मिलकर अपनी जांच एजेंसियों और नियामक तंत्र (Regulatory Cooperation) को मजबूत करेंगे ताकि साझेदार देशों की साइबर सुरक्षा क्षमता को बढ़ाया जा सके।