सोना-चांदी में बड़ी गिरावट: चांदी 3800 रुपये टूटी, गोल्ड भी फिसला, जानिए आज के ताजा रेट

Follow Us

नई दिल्ली। आज मंगलवार को सोना और चांदी के दामों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना जहां 800 रुपये से ज्यादा टूट गया, वहीं चांदी में 3800 रुपये से अधिक की भारी गिरावट दर्ज की गई। कीमतों में आई इस नरमी ने निवेशकों और सर्राफा कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। MCX पर मई डिलीवरी वाला सोना करीब 850 रुपये गिरकर 1,58,231 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। वहीं जून डिलीवरी वाली चांदी 3,864 रुपये टूटकर 2,72,852 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर बुलियन मार्केट पर पड़ा है।

गुड रिटर्न के अनुसार, देश के कई बड़े शहरों में 24 कैरेट सोने के दाम 490 रुपये तक गिर गए। दिल्ली, लखनऊ और जयपुर में 24 कैरेट सोना करीब 1,59,040 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जबकि मुंबई और कोलकाता में इसका भाव 1,58,890 रुपये रहा। जानकारों का कहना है कि, ईरान पर अमेरिकी कार्रवाई के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है। इससे महंगाई बढ़ने की आशंका तेज हुई है। ऐसे में केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा रख सकते हैं, जिसका सीधा असर सोने और चांदी की मांग पर पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी दोनों दबाव में नजर आए, जिससे घरेलू बाजार में गिरावट और तेज हो गई।