डीजल की मार से बस ऑपरेटर परेशान, किराया बढ़ाने की मांग लेकर मंत्री के पास पहुंचे संचालक

Follow Us

रायपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ती डीजल कीमतों के बीच बस संचालकों ने यात्री किराया बढ़ाने की मांग तेज कर दी है। छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ के पदाधिकारियों ने परिवहन मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। महासंघ का कहना है कि बढ़ती महंगाई और संचालन खर्च के कारण बस व्यवसाय गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सैयद अनवर अली के मुताबिक प्रदेश में आखिरी बार सितंबर 2021 में किराए में संशोधन किया गया था। इसके बाद डीजल, टायर, बीमा, स्पेयर पार्ट्स, बस बॉडी, मरम्मत और कर्मचारियों के वेतन सहित लगभग सभी खर्चों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। बीते कुछ दिनों में डीजल की कीमतों में कई बार इजाफा होने से हालात और मुश्किल हो गए हैं।

बस संचालकों का कहना है कि, परिवहन विभाग द्वारा फिटनेस, सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, पैनिक बटन और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट जैसे सुरक्षा नियमों को अनिवार्य किए जाने से अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। महासंघ ने सामान्य बसों के किराए में 50 प्रतिशत और एसी व डीलक्स बसों में 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की मांग की है। यदि सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है तो रायपुर से जगदलपुर का किराया 600 रुपए से बढ़कर करीब 750 रुपए तक पहुंच सकता है, जबकि रायपुर से दुर्ग का किराया 50 रुपए से बढ़कर लगभग 75 रुपए हो सकता है। महासंघ ने डीजल दरों के अनुसार किराया तय करने के लिए स्थायी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की है।