छत्तीसगढ़ में नौतपा का कहर, रायपुर समेत कई शहरों में 45 डिग्री पार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा की शुरुआत भीषण गर्मी के साथ हुई है। प्रदेश के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सोमवार को राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर में इस सीजन पहली बार पारा 45 डिग्री के पार पहुंचा।
माना, मुंगेली, दुर्ग और बिलासपुर सहित 10 से अधिक शहरों में लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है, लेकिन बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण तीन दिन बाद मौसम बदल सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, दक्षिण बिहार से आंध्रप्रदेश तक बनी द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन रही है। 26 मई के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने के संकेत हैं। प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, जांजगीर-चांपा, राजनांदगांव, महासमुंद और बस्तर समेत कई जिलों में ग्रीष्म लहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।