अध्यात्म का महाकेंद्र: वाराणसी का ‘स्वर्वेद महामंदिर’ बना दुनिया का सबसे बड़ा मेडिटेशन सेंटर, एक साथ ध्यान लगा सकेंगे 20,000 लोग

Follow Us

वाराणसी। धार्मिक नगरी वाराणसी के उमराहा में गंगा नदी के तट पर स्थित स्वर्वेद महामंदिर भारत के सबसे भव्य और अनूठे आध्यात्मिक स्थलों में से एक है। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से 3 लाख वर्ग फीट के विशाल क्षेत्र में बनी यह सात मंजिला इमारत दुनिया के सबसे बड़े ध्यान केंद्र (मेडिटेशन सेंटर) के रूप में विख्यात हो चुकी है। इस अद्भुत चैरिटेबल मेडिटेशन सेंटर का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। इस भव्य मंदिर का निर्माण विहंगम योग संगठन द्वारा किया गया है, जिसकी नींव आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु सदाफलदेव जी महाराज ने रखी थी। इसका नाम उनके द्वारा रचित पवित्र ग्रंथ “स्वर्वेद” पर आधारित है, जो आत्मज्ञान और मन की शांति का मार्ग दिखाता है।

गुलाबी बलुआ पत्थरों से निर्मित इस महल जैसी इमारत का वास्तुकला और आधुनिक इंजीनियरिंग का अनूठा संगम है। मंदिर के भीतर शानदार नक्काशी, सजावटी खंभे और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलती है, जहाँ एक साथ 20,000 लोग बैठकर ध्यान लगा सकते हैं। इस महामंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ किसी मूर्ति की पूजा नहीं होती, बल्कि यह पूरी तरह से योग, प्राणायाम और ध्यान के जरिए आध्यात्मिक जागृति को समर्पित है। आज यह केंद्र न केवल साधकों के लिए मानसिक शांति का ठिकाना है, बल्कि वाराणसी आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के लिए भी एक प्रमुख सांस्कृतिक और पर्यटन आकर्षण बन चुका है।