कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) से भारत और ऑस्ट्रेलिया के खेल संबंधों को नई दिशा देने वाला बड़ा ऐलान किया। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और पूर्व कप्तान स्टीव वॉ की मौजूदगी में पीएम मोदी ने कहा कि इस साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित बिग बैश लीग (BBL) का उद्घाटन मुकाबला तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में आयोजित किया जाएगा।
यदि यह आयोजन तय कार्यक्रम के अनुसार होता है, तो यह पहली बार होगा जब किसी विदेशी फ्रेंचाइज़ी टी20 लीग का आधिकारिक मैच भारत में खेला जाएगा। इस पहल का उद्देश्य दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को और मजबूत करना तथा क्रिकेट के जरिए सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊंचाई देना है।
बताया गया कि, यह मुकाबला भारत में आयोजित होने वाले ‘G’Day Namaste’ समारोह का प्रमुख आकर्षण होगा। इस आयोजन के दौरान ऑस्ट्रेलियाई संस्कृति, व्यापार, पर्यटन और खेल से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही 2032 ब्रिस्बेन ओलंपिक और भारत की 2036 ओलंपिक मेजबानी की दावेदारी जैसे विषयों पर भी दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
MCG में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि यह मैदान हर भारतीय के लिए खास भावनाओं से जुड़ा है। यहां भारत-ऑस्ट्रेलिया मुकाबलों की यादें और क्रिकेट के प्रति दोनों देशों का साझा जुनून हमेशा प्रेरित करता है। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की, उनकी जर्सियों पर ऑटोग्राफ दिए और ऑस्ट्रेलिया के आधिकारिक शुभंकर ‘रूबी द रू’ से भी मुलाकात की।

