प्रार्थना सभा में धर्म परिवर्तन कराने का मामला गरमाया, तीन पर एफआईंआर

Follow Us

बिलासपुर। प्रदेश के न्यायधानी बिलासपुर के सीपत थाना क्षेत्र स्थित ग्राम मोहरा में कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। रविवार सुबह आयोजित एक प्रार्थना सभा के दौरान कुछ लोगों पर प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगा, जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस शिकायत के मुताबिक, गांव निवासी सुमित यादव को सूचना मिली थी कि राम स्वरूप सूर्यवंशी के घर के आंगन में टीन शेड के नीचे प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही है। आरोप है कि, सभा में मौजूद लोग ईसाई धर्म का प्रचार करते हुए ग्रामीणों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे।

सूचना मिलने पर शिकायतकर्ता अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां राम स्वरूप सूर्यवंशी, जितेंद्र सूर्यवंशी और बिलासपुर निवासी पंकज कुमार करियारे मौजूद मिले। शिकायत में दावा किया गया है कि, सभा के दौरान लोगों को बेहतर सुविधाएं, मुफ्त इलाज और अच्छे परिवार में शादी जैसे प्रलोभन दिए जा रहे थे। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहे जाने का भी आरोप लगाया गया है। मौके पर बाइबल और नाश्ते की व्यवस्था होने की बात भी सामने आई है। मामले को गंभीर मानते हुए सीपत थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 एवं 4 के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि, पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।