नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के लीग चरण का आखिरी डबल हेडर आज रविवार को खेला जाएगा और इसी के साथ प्लेऑफ की चौथी टीम का फैसला भी हो जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं, जबकि अब राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच आखिरी स्थान की जंग बाकी है। आपको बता दें की दिन के पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना राजस्थान रॉयल्स से वानखेड़े स्टेडियम में होगा, जबकि दूसरे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की भिड़ंत दिल्ली कैपिटल्स से ईडन गार्डन्स में होगी। दिल्ली और मुंबई पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुके हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन बाकी टीमों की किस्मत तय करेगा। वहीं राजस्थान रॉयल्स फिलहाल 13 मैचों में 14 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। टीम के लिए समीकरण बिल्कुल साफ है, मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत हासिल करते ही राजस्थान सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगा और बाकी सभी टीमें रेस से बाहर हो जाएंगी। हालांकि हार या मैच रद्द होने की स्थिति में राजस्थान बाहर हो जाएगा। रियान पराग खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी संशय है। अगर वह नहीं खेलते हैं तो युवा कप्तान यशस्वी जायसवाल पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। टीम को वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और जोफ्रा आर्चर जैसे खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो मुंबई और राजस्थान के बीच अब तक 31 मुकाबले हुए हैं, जिनमें मुंबई ने 16 और राजस्थान ने 15 मैच जीते हैं। वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई को 5-4 की बढ़त हासिल है, लेकिन 2023 के बाद से राजस्थान ने सात में से चार मुकाबले अपने नाम किए हैं।
IPL 2026: आज थमेगी सांसें! प्लेऑफ की चौथी टीम के लिए महासंग्राम; मुंबई vs राजस्थान और KKR vs दिल्ली भिड़ंत
