प्रतिभाशाली बच्चों के लिए सुनहरा मौका: ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026’ के लिए आवेदन शुरू

Follow Us

रायपुर। क्या आपके बच्चे में कोई असाधारण प्रतिभा है? क्या उसने खेल, कला या विज्ञान में कोई बड़ा मुकाम हासिल किया है? यदि हाँ, तो भारत सरकार उसे राष्ट्रीय स्तर पर चमकाने का मौका दे रही है। बच्चों की अनूठी उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए प्रतिष्ठित ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026’ के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चे आवेदन कर सकते हैं। यह सम्मान प्रतिवर्ष भारत के राष्ट्रपति द्वारा उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने देश का गौरव बढ़ाया है।

इस बार पुरस्कार के लिए वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसी श्रेणियों में श्रेष्ठ उपलब्धियों को मान्यता दी जाएगी। होनहार बच्चों के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 31 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी।

खास बात यह है कि, योग्य बच्चे खुद अपना नामांकन (Self-Nomination) कर सकते हैं। इसके अलावा माता-पिता, स्कूल, संस्थाएं या कोई भी अन्य व्यक्ति योग्य बच्चों को इस पुरस्कार के लिए नॉमिनेट कर सकता है। सभी आवेदन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे। राज्य शासन ने प्रदेश के सभी प्रतिभाशाली बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे इस सुनहरे मौके का लाभ उठाएं और अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करें, ताकि छत्तीसगढ़ के नौनिहालों की असाधारण प्रतिभा को पूरे देश में एक नई पहचान मिल सके।