कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र स्थित रहमानिया नगर वार्ड में पानी की भारी किल्लत से लोग परेशान हैं। पिछले एक सप्ताह से जलापूर्ति बंद होने के कारण भीषण गर्मी में लोगों को पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हो गए कि वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में लोग नगर पालिका कार्यालय पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द पानी सप्लाई बहाल करने की मांग की। नागरिकों का कहना है कि, लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
महिलाओं और बच्चों को दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष ने तुरंत अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। जलापूर्ति में लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई गई और समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए। पालिका अध्यक्ष ने वार्डवासियों को भरोसा दिलाया कि, शाम तक पानी सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। प्रशासन की ओर से पाइपलाइन और तकनीकी खराबी को दुरुस्त करने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। फिलहाल लोग जल्द राहत मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
