भीषण गर्मी में ट्रैफिक पुलिस की सुरक्षा के लिए ‘राडा’ की बड़ी पहल: बांटीं रिफ्लेक्टिव सेफ्टी जैकेट, पर्यावरण के लिए करेंगे भारी वृक्षारोपण

Follow Us

रायपुर। राजधानी में ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (RADA) ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत कालीबाड़ी चौक स्थित ट्रैफिक थाने में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान ‘राडा’ द्वारा भीषण गर्मी में चौबीसों घंटे सड़क पर मुस्तैद रहने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टिव सेफ्टी जैकेट बांटी गईं। कार्यक्रम में रायपुर कमिश्नर संजीव शुक्ल और राडा अध्यक्ष रविंदर भसीन ने खुद पुलिसकर्मियों को ये जैकेट सौंपी।

इस मौके पर राडा अध्यक्ष रविंदर भसीन ने रायपुर ट्रैफिक पुलिस के जज्बे की तारीफ करते हुए कहा कि कड़कती धूप और गर्मी में भी यातायात व्यवस्था सुचारू रखना सराहनीय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क सुरक्षा और जनहित के हर कार्य में एसोसिएशन हमेशा प्रशासन के साथ खड़ा रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान कमिश्नर संजीव शुक्ला ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए राडा के सदस्यों से ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने की अपील की। इस पर राडा के उपाध्यक्ष कैलाश खेमानी ने आश्वासन दिया कि वे वृक्षारोपण के लिए शासन से जमीन की मांग करेंगे और हर साल बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाएंगे। खास बात यह है कि राडा इन पौधों को केवल लगाएगा नहीं, बल्कि उनके पूरी तरह बढ़ने तक देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी भी खुद उठाएगा। इस दौरान अमर परवानी और मनीष राज सिंघानिया समेत एसोसिएशन के कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।