खैरागढ़। देश के प्रतिष्ठित कला एवं संगीत संस्थान, इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय (IKSV) खैरागढ़ का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलने जा रहा है। राज्य शासन ने इस ऐतिहासिक संस्थान का नाम बदलकर “राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय” किए जाने के प्रस्ताव को अपनी अंतिम मंजूरी दे दी है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 21 मई को इसकी स्वीकृति जारी होने के बाद अब नई पहचान को औपचारिक रूप से लागू करने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
दरअसल, विश्वविद्यालय के नाम में शामिल “इंदिरा” शब्द को लेकर अक्सर लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बनी रहती थी। संस्थान की स्थापना और इसकी समृद्ध विरासत खैरागढ़ राजपरिवार की राजकुमारी इंदिरा सिंह की स्मृति से जुड़ी है, लेकिन कई लोग इसे राजनीतिक संदर्भों से जोड़कर देखते थे। इस भ्रम को दूर करने और राजपरिवार के सांस्कृतिक योगदान को स्थायी सम्मान देने के लिए राज्यपाल एवं कुलाधिपति ने नाम बदलने का सुझाव दिया था।

कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा के नेतृत्व में विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवश्यक दस्तावेज जुटाकर यह प्रस्ताव शासन को भेजा था। इस बड़े फैसले का खैरागढ़ राजपरिवार की ओर से राजा आर्यव्रत सिंह और राजकुमारी शताक्षी सिंह ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे अपने पूर्वजों की दानशीलता, शिक्षा के प्रति दूरदर्शिता और ऐतिहासिक विरासत को अक्षुण्ण रखने वाला एक सराहनीय व ऐतिहासिक कदम बताया है।
