ट्रेविस हेड को देखते ही विराट कोहली ने फेरा मुंह? हाथ न मिलाने का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल!

Follow Us

हैदराबाद। आईपीएल 2026 में शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 55 रनों से हराया। मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच जुबानी जंग देखने को मिली। हालांकि, मैच खत्म होने के बाद भी कोहली का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने हेड से हाथ तक नहीं मिलाया। दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि मैच के बाद कोहली सनराइजर्स हैदराबाद के बाकी सभी खिलाड़ियों से हाथ मिलाते हैं, लेकिन वह हेड की तरफ देखते तक नहीं हैं। हालांकि, हेड ने विराट से हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ आगे भी बढ़ाया, लेकिन वह एसआरएच के सलामी बल्लेबाज को नजरअंदाज करके आगे निकल गए। आपको बता दें की मैच के दौरान कोहली और ट्रेविस हेड आपस में उलझते हुए दिखाई दिए। वहीं पहली पारी में ट्रेविस हेड के आउट होने के बाद कोहली ने काफी आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया था, जो हेड को पसंद नहीं आया था। इसके बाद आरसीबी की पारी के दौरान कोहली वेंकटेश अय्यर द्वारा लगाए जा रहे चौके-छक्कों के बाद हेड की तरफ देखते हुए बार-बार तंज कसते हुए नजर आए। हेड भी शांत नहीं रहे और उन्होंने भी इशारों-इशारों में विराट को जवाब दिया। एक वीडियो में विराट हेड को उनके सामने गेंदबाजी करने की चुनौती देते हुए भी नजर आए।

वहीं मैच के बाद जब दोनों टीमों के खिलाड़ी एक दूसरे का अभिवादन कर रहे थे तो कोहली और हेड के बीच तल्खी एक बार फिर देखने मिली। कोहली ने हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन से हाथ मिलाया, लेकिन जैसे ही हेड आगे आए तो विराट उन्हें नजरअंदाज कर आगे बढ़ गए। कोहली की इस हरकत पर हेड भी चौंक गए। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएच ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 255 रन लगाए। अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों में चार चौके और पांच छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। वहीं, ईशान किशन ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 46 गेंदों में 79 रनों की दमदार पारी खेली। हेनरिक क्लासेन ने महज 24 गेंदों का सामना करते हुए 51 रन बनाए। 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 200 रन ही बना सकी। टीम की ओर से रजत पाटीदार ने 56 रनों की कप्तानी पारी खेली, जबकि वेंकटेश अय्यर ने 19 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और चार छक्कों की मदद से 44 रन बनाए। वहीं, क्रुणाल पांड्या 41 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। मैच जीतने के बाद भी हैदराबाद अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रही, जबकि आरसीबी शीर्ष पर मौजूद रही।