रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्से तेज धूप और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग समेत कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। सुबह 10 बजे से ही तेज धूप का असर शुरू हो जा रहा है, जबकि दोपहर होते-होते लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि शाम 5 बजे के बाद ही गर्मी का असर कुछ कम हो रहा है। शुक्रवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में 44.2 और बिलासपुर में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि बस्तर संभाग में 26 मई से बारिश की गतिविधियां शुरू होने के संकेत हैं। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ में 29 मई के बाद मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। एचपी चंद्रा ने बताया कि, अलग-अलग मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में फिलहाल गर्म और शुष्क हवाएं चल रही हैं। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
