विकास कार्य ठप होने से फूटा सरपंचों का गुस्सा: अंतागढ़ की 56 पंचायतों ने एक साथ दिया इस्तीफा

Follow Us

कांकेर। जिले के अंतागढ़ विकासखंड में पंचायतों को विकास कार्य नहीं मिलने से नाराज 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने सामूहिक इस्तीफा देकर प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सभी सरपंच एसडीएम कार्यालय पहुंचे और अपना इस्तीफा सौंपते हुए पंचायतों की उपेक्षा का आरोप लगाया। सरपंचों का कहना है कि, पिछले एक वर्ष से पंचायतों में कोई नया विकास कार्य स्वीकृत नहीं किया गया है। इसके चलते गांवों में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई काम अधूरे पड़े हैं।

पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि, लगातार मांग और पत्राचार के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि, विकास कार्य बंद होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और जनप्रतिनिधियों को लोगों के सवालों का जवाब देना मुश्किल हो रहा है। इसी विरोध में सभी 56 पंचायतों के सरपंचों ने एकजुट होकर सामूहिक इस्तीफा देने का फैसला लिया। सरपंचों ने प्रशासन से जल्द लंबित योजनाएं शुरू करने और पंचायतों को नए विकास कार्य आवंटित करने की मांग की है। वहीं एक साथ इतने सरपंचों के इस्तीफे से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।